ऑटो चालकों की बैठक में किराया तय करने पर फैसला टला
रांची, 12 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को टाटी सिल्वर कांटा टोली मार्ग के ऑटो चालक मालिकों के साथ ईएफ ग्राउंड, टाटा सिल्वर मैदान में आयोजित हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से फिलहाल ऑटो चालकों के बढ़ाए गए तय किराया लागू करने के फैसले को टाला गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव रमाशंकर सिंह ने किया। दिनेश सोनी ने कहा कि जब तक इस मार्ग पर चलने वाले सभी ऑटो चालक मालिकों की पूर्ण बैठक नहीं हो जाती, तब तक नया किराया लागू नहीं किया जाएगा और महासंघ की ओर से भाड़ा सूची जारी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि कुछ चालकों की अनुपस्थिति के कारण अगली बैठक 15 अप्रैल 2026 को तय की गई है। इस दिन सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक कांटा टोली–टाटी सिल्वर मार्ग पर ऑटो परिचालन बंद रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्री हित में उचित किराया निर्धारित किया जा सके।
बैठक में अवैध वसूली का मुद्दा भी उठा, जिसमें आरोप लगाया गया कि कुछ एजेंटों की ओर से प्रति ऑटो 20 रुपये जबरन वसूले जा रहे हैं। इस संबंध में लोअर बाजार थाना में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।
साथ ही, 15 अप्रैल को मार्ग के पदाधिकारियों का चुनाव भी किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, सलाहकार मंत्री आनंद वर्मा सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक मालिक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar