अब हर मंगलवार-शुक्रवार को मिलेगी परिवार नियोजन की जानकारियां और दवाएं

 




रांची, 30 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड की ओर से परिवार नियोजन कार्यक्रम को सुदृढ़ बनाने और जनसंख्या स्थिरीकरण के उद्देश्य से फिक्स्ड डे अप्रोच के तहत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके तहत राज्य के सभी चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को परिवार नियोजन से संबंधित सुविधाएं नियमित रूप से दी जा रही हैं।

एनएचएम की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इन निर्धारित दिनों में योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के अस्थायी और स्थायी उपायों की जानकारी, परामर्श और निःशुल्क सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसमें कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियां, कॉपर-टी (आईयूसीडी) सेवाएं, पुरुष एवं महिला नसबंदी से संबंधित परामर्श और चिकित्सकीय सुविधाएं शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए लोगों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, सहिया कार्यकर्ता या एएनएम से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

एनएचएम झारखंड ने लोगों से अपील की है कि वे इन सेवाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। अधिकारियों के अनुसार यह पहल न केवल जनसंख्या नियंत्रण में सहायक होगी, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में भी सुधार लाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar