रांची में एचपी के नकली पार्ट्स का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान बरामद
रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एचपी कंपनी के नकली पार्ट्स की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है। यह कार्रवाई कॉपीराइट एक्ट की धारा 103/104 और ट्रेड मार्क एक्ट के तहत की गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बुधवार को बताया कि एचपी कंपनी के पदाधिकारी की लिखित शिकायत के आधार पर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी टीम गठित कर चुटिया के मालाबार रिसोर्ट स्थित एक फ्लैट में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान फ्लैट से नकली टोनर, इंक कार्ट्रिज, प्रिंट-पंचिंग मशीन समेत बड़ी मात्रा में नकली पार्ट्स बरामद किए गए। जब्त सामानों में 170 नकली टोनर बॉक्स, 45 इंक की बोतलें, 600 बबल बैग, 810 कूरियर स्टिकर, 390 एमआरपी स्टिकर, 330 नकली होलोग्राम, 590 बाहरी बॉक्स शीट सहित कई उपकरण शामिल हैं।
इसके अलावा एम्बॉसिंग लेजर मशीन, एमआरपी प्रिंट मशीन, पंचिंग मशीन, ब्लोअर मशीन, ग्लू गन और एयर फुट पंप जैसे उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल नकली उत्पाद तैयार करने में किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से इस अवैध कारोबार में संलिप्त राकेश कुमार बारी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में चुटिया थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे