दुमका में 15 लाख का नकली तार जब्त
दुमका, 16 सितंबर (हि.स.)। कोलकाता की कंपनी की लीगल टीम ने बुधवार की शाम टाटा शोरूम के समीप दादी श्याम मंदिर रोड स्थित भाड़े में चल रही मां सुशीला ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में छापेमारी कर नकली तार के 35 बंडल जब्त किया गया। जब्त तार की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। टीम के सामने से कंपनी का संचालक आकाश अग्रवाल के भागने पर पुलिस ने उसके पिता बिपिन अग्रवाल को हिरासत में लिया है।
कंपनी के आईपी सेल के जोनल हेड टोटन चक्रवर्ती ने शाम को नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कंपनी के नाम से पैक वायर के 35 बंडल बरामद किए गए। कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार बरामद तार का इस्तेमाल मुख्य रूप से सबमर्सिबल पंप
में किया जाता है। कंपनी की ओर से इसे नकली बताए जाने के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जब्त वायर वास्तव में नकली है या नहीं।
करीब 15 लाख रुपये मूल्य के तार बरामदगी ने बाजार में नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि उसके ब्रांड के नाम का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बाजार में खपाने की कोशिश की जा रही थी। ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर कृष्णा अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने वायर दिल्ली के एक वेंडर के माध्यम से खरीदा था। दो साल से काम कर रहा है। तार वायर असली है या नकली, इसकी जानकारी नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने तार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जब्त सामग्री की तकनीकी जांच, खरीद के दस्तावेज और संबंधित वेंडर से जुड़े रिकार्ड की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। कंपनी की शिकायत और दुकानदार के पक्ष के बीच अब पुलिस की जांच अहम हो गई है।
मामले में पुलिस टीम के सामने संचालक ने खुलकर अपना पक्ष रखा। पुलिस जब्त तार को वाहन में रखवा रही थी, तभी संचालक आकाश अग्रवाल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने भाड़े के घर में उसकी तलाश की, लेकिन नहीं मिला। पिता से भी फोन कराया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में पुलिस उसके पिता बिपिन अग्रवाल को हिरासत में ले लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार