एसबीयू में एआई और मशीन लर्निंग पर संकाय विकास कार्यक्रम शुरू
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड राज्य संकाय विकास अकादमी (जेएसएफडीए) और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार की ओर से सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में मंगलवार से शिक्षकों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग विषय पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
यह कार्यक्रम कार्यक्रम नौ अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर एला कुमार ने एआई के बढ़ते महत्व, अवसरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मशीन लर्निंग के लिए गुणवत्तापूर्ण और संतुलित आंकड़े जरूरी हैं, क्योंकि पक्षपातपूर्ण आंकड़े गलत परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से एआई के जिम्मेदार उपयोग और विद्यार्थियों में तार्किक और विश्लेषणात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया।
वहीं एसबीयू के महानिदेशक प्रोफेसर गोपाल पाठक ने विश्वसनीय आंकड़ों की आवश्यकता पर जोर दिया। कुलपति प्रोफेसर सी जगनाथन ने कहा कि शिक्षकों को नई एआई तकनीकों से परिचित कराना समय की जरूरत है। कुलसचिव प्रोफेसर एसबी दंडीन ने शिक्षा में एआई और संगणकीय बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका रेखांकित की।
कार्यक्रम संयोजक डॉ विश्वजीत करण ने बताया कि प्रशिक्षण में चैटजीपीटी, बड़े भाषा मॉडल, जनरेटिव एआई, एजेंटिक एआई, प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण, डीप लर्निंग, कंप्यूटर विजन और रोबोटिक्स के व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर विशेषज्ञ सत्र होंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने शुभकामनाएं दीं।
मौके पर छात्र-छात्राएं प्रोफेसर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar