राज्यभर में नेत्र जांच और चश्मा वितरण अभियान करें तेज : डॉ पंकज

 


रांची, 06 जुलाई (हि.स.)।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के तहत सोमवार को राज्य अंधापन नियंत्रण और दृष्टि विहीनता कार्यक्रम (एनपीसीबीवीआई) एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य अंधापन नियंत्रण पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार ने कहा कि हर हाल में राज्योभर में नेत्र जांच और चश्मा वितरण अभियान तेज किया जाए। ताकि लोगों की नेत्र संबंधित समस्याणएं दूर हो सके।

बैठक में स्कूली बच्चों, वृद्धजनों और विभिन्न श्रेणी के मरीजों की नेत्र जांच, दृष्टिदोष की पहचान, चश्मा वितरण एवं उपचार सेवाओं को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। पंकज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने सभी जिलों में स्क्रीनिंग, रेफरल, उपचार एवं चश्मा वितरण की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी करने और कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आरबीएसके कोषांग प्रभारी डॉ विजय किशोर रजक ने कहा कि स्कूलों में नियमित नेत्र जांच से बच्चों में दृष्टिदोष की समय रहते पहचान होगी, जिससे उनकी शिक्षा और समग्र विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

बैठक में आरबीएसके की गतिविधियों, विभागीय समन्वय, फील्ड टीमों की सक्रियता और लाभार्थियों तक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में राज्य बजट एवं वित्त पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, आरबीएसके के कंसल्टेंट मुकेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar