मजदूरों के साथ हो रहे शोषण और अन्याय बर्दाश्त नहीं : देवेन्द्र
रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि मजदूरों के साथ हो रहे शोषण और अन्याय को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए सभी मजदूरों को एकजुट करने की जरूरत है।
देवेन्द्र नाथ गुरुवार को खेलगांव स्थित ओरियेंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत मजदूरों की वेतन भुगतान में देरी,बकाया भुगतान करने, वेतन प्रणाली और अपमानजनक व्यवहार के खिलाफ धरना प्रदर्शन के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूंजीपति घराने के लोग मजदूरों की मजबूरी नहीं समझते हैं। इसलिए काम करवाने के बावजूद उनसे गलत बर्ताव करते हैं। कहा कि मजदूरों की एकता से ही उनके अधिकार सुरक्षित रह सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आज मजदूरों के आंदोलन के बाद ही प्रबंधन ने ऑन-द-स्पॉट की गई वेतन कटौती वापस ली और बकाया मजदूरी भुगतान करने पर सहमति जताई गई। साथ ही प्रत्येक माह की 10 तारीख तक नियमित वेतन भुगतान का आश्वासन दिया गया।
मजदूरों की प्रमुख मांग के अनुसार अब प्रति पीस दर के बजाय झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मासिक मजदूरी के आधार पर वेतन देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा मजदूरों के साथ गाली-गलौज और अपमानजनक भाषा का उपयोग करने वाले एक अधिकारी को प्रबंधन ने सेवा से निष्कासित कर दिया।
आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे नेताओं में महासचिव मार्शल महतो, रांची महानगर अध्यक्ष संजय महतो, विराट महतो, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष शिल्पा महतो, युवा मोर्चा के राजू महतो, रामगढ़ के संतोष महतो और आजसू नेता बबलू महतो सहित अन्य लोगों के नाम शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar