नगर परिषद राजस्व संग्रहण में लाएगा तेजी, कार्यपालक पदाधिकारी ने की समीक्षा

 


रामगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ नगर परिषद् के राजस्व संग्रहण कार्य में तेजी लाने और नगर परिषद् की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार काे सिटी मैनेजरों एवं राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को होल्डिंग टैक्स तथा ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन ने सभी राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में प्रतिदिन भ्रमण कर राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण नगर परिषद् के सुचारु संचालन तथा नागरिकों को बेहतर नगर निकाय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित कर्मी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाएं।

बैठक में जानकारी दी गई कि राजस्व संग्रहण पोर्टल पर पूर्व में आ रही तकनीकी समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है। साथ ही, सभी राजस्व निरीक्षकों को मोबाइल एप्लिकेशन भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से वे क्षेत्र में ही होल्डिंग टैक्स एवं ट्रेड लाइसेंस शुल्क का संग्रहण कर सकते हैं। कार्यपालक पदाधिकारी ने उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए राजस्व संग्रहण कार्य को गति देने का निर्देश दिया। इस कार्य की नियमित निगरानी एवं आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी सिटी मैनेजर राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी को सौंपी गई है।

कार्यपालक पदाधिकारी ने सिटी मैनेजरों को बड़े बकायेदारों से संपर्क स्थापित कर लंबित होल्डिंग टैक्स की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश