उत्पाद विभाग की छापेमारी में 30 लीटर अवैध शराब बरामद

 


रामगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर की गई। इस कार्रवाई में रामगढ़ थाना क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोठार चौक के समीप, कैथा, गोबरदाहा और कोठार जेल रोड में एक साथ कार्रवाई की। अचानक हुई छापेमारी से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान विभिन्न ठिकानों से अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।

सहायक आयुक्त उत्पाद के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद अमित किशोर प्रसाद ने किया। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ गृह रक्षा वाहिनी के जवान भी शामिल थे।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। चिह्नित आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध शराब का निर्माण, भंडारण और बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी छापेमारी और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश