ट्रेजरी से फर्जी निकासी में 30-40 करोड़ के घोटाले का अनुमान : मंत्री
गढ़वा, 3 अप्रैल (हि.स.)। राज्य में ट्रेजरी से फर्जी निकासी पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने स्पष्ट किया है कि बीते वर्षों में हुए सभी मामलों की गहराई से जांच कराई जाएगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को राहत नहीं दी जाएगी।
गढ़वा दौरे के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि साल 2000 से लेकर अब तक के सभी संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल होगी। शुरुआती जांच में बोकारो और हजारीबाग जिलों में सबसे अधिक गड़बड़ी सामने आई है। अब तक करीब 30 से 40 करोड़ रुपये के घोटाले का अनुमान लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हो चुकी है और सरकार इसे बेहद गंभीरता से ले रही है। मंत्री ने दोहराया कि सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई हर हाल में कराई जाएगी। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य के 24 जिलों में स्थित सभी 33 कोषागारों की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर दोषियों की चल और अचल संपत्ति जब्त कर राशि की वसूली की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे