छात्रा से बदसलूकी के खिलाफ आइसा और ऐपवा ने की कार्रवाई की मांग

 


रांची, 22 सितंबर (हि.स.)। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग के साथ कथित बदसलूकी की घटना के विरोध में मंगलवार को आइसा रांची इकाई और ऐपवा की ओर से अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रतिवाद सभा आयोजित की गई। सभा में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा और उनकी स्वतंत्रता के अधिकार को लेकर आवाज उठाई गई।

मौके पर आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ ने कहा कि जमुई सहित देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ दुर्व्यवहार और यौन हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने बिहार सरकार से महिला सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। मौके पर ऐपवा की जिला सचिव नंदिता भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है, लेकिन स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा भी गंभीर सवाल बनी हुई है।

उन्होंने महिलाओं की आवाजाही और स्वतंत्रता को लेकर दिए जाने वाले कथित पितृसत्तात्मक बयानों पर भी आपत्ति जताई और ऐसे मामलों में कार्रवाई की मांग की। आइसा रांची जिला सचिव संजना मेहता ने कहा कि महिला विरोधी बयान, धमकी या आपत्तिजनक संदेश सामने आने पर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रतिवाद सभा में आइसा के त्रिलोकी नाथ, विजय कुमार, संजना मेहता, राकेश बड़ाइक, अनमोल, सत्य प्रकाश, सृष्टि भट्टाचार्य सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar