ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवाओं पर वेबिनार का आयाेजन
रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)।
झारखंड में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और आम लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के राज्य सीपीएचसी सेल की ओर से शनिवार को ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवाओं पर राज्यस्तरीय वेबिनार आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राज्यभर के चिकित्सा पदाधिकारियों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं ई-संजीवनी हब से जुड़े डॉक्टरों सहित 85 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
वेबिनार का नेतृत्व सीपीएचसी सेल, एनएचएम झारखंड के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ मुकेश कुमार मिश्रा ने किया।
इस दौरान विशेषज्ञों ने ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म की नवीनतम सुविधाओं, टेली-परामर्श की गुणवत्ता में सुधार, ई-संजीवनी कम्पोजिट स्कोर और बेहतर कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।
सत्र में डॉ एसके मिश्रा, चिकित्सा पदाधिकारी, यूएएएम धुर्वा, रांची, डॉ अर्पिता राय, एडिशनल प्रोफेसर, डेंटल इंस्टीट्यूट, रिम्स तथा डॉ संजय कुमार, सीनियर मेडिकल कंसल्टेंट, इंटेलीहेल्थ ने अपने अनुभव और विशेषज्ञ सुझाव प्रस्तुत किया। मौके पर ई-संजीवनी की तकनीकी टीम ने भी प्रतिभागियों को तकनीकी जानकारियां दीं।
वेबिनार में कई डॉक्टर्स सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar