वोटर लिस्ट की त्रुटियों को दूर करने के लिए भरा जाएगा एन्यूमरेशन फॉर्म : सीओ

 


रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा। इस कार्य में लगे बीएलओ को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। रामगढ़ अंचल कार्यालय के सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को सभी बीएलओ को फॉर्म कैसे भरा जाए और कौन उसके योग्य है, इसका प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण शिविर में शामिल अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि मतदाताओं के बीच एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किया जाना है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करना और सभी पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा।

ट्रेनिंग के दौरान यह बताया गया कि भारतीय नागरिक जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है, तो उन्हें फॉर्म छह और घोषणा पत्र के साथ जन्म तिथि के अनुसार स्वयं के साथ अपने माता-पिता दोनों का दस्तावेज देना होगा। जिनका जन्म 01 जुलाई 1987 से पहले भारत में हुआ है, उन्हें सिर्फ स्वयं का दस्तावेज देना है। जिनका जन्म 01 जुलाई 1987 से 02 दिसंबर 2004 के बीच भारत में हुआ है, तो उन्हें स्वयं के साथ माता-पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा।

जिनका जन्म 02 दिसंबर 2004 के बाद भारत में हुआ है उन्हें स्वयं के साथ माता एवं पिता दोनों का दस्तावेज देना होगा। जिनका जन्म भारत के बाहर हुआ है एवं उनके माता-पिता भारतीय नागरिक हैं तो उन्हें अपने जन्म वाले देश में स्थित भारतीय दूतावास से जारी जन्म प्रमाण पत्र देना होगा। जिन्हें भी भारत की मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना है, वे वैध तरीके से भारतीय नागरिक होंगे, तभी उनका नाम जुड़ पाएगा। इस प्रक्रिया में किसी भी दूसरे देश के नागरिक का नाम शामिल नहीं हो पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश