दुर्गा पूजा में रांची में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा वर्जित, 144 स्थानों पर बना ड्रॉप गेट-बैरियर
रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि शहर में जाम की समस्या से निपटने और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए 144 चिह्नित स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए गए हैं।
वहीं, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ निजी और छोटे वाहनों के परिचालन के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। ट्रैफिक एसपी के अनुसार दुर्गा पूजा के मुख्य आयोजन 14 और 21 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित हैं। विशेष यातायात व्यवस्था के तहत 14 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह आठ बजे से अगले दिन तडके सुबह चार बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, मंदिरों और पूजा पंडालों की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, 14 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक निजी और यात्री वाहनों के परिचालन को निर्धारित मार्गों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। मेन रोड में इस अवधि के दौरान छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह न्यू मार्केट चौक से किशोरी यादव चौक तक भी छोटे वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
कचहरी चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सुजाता चौक, किशोरी यादव चौक, रातू रोड और अपर बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। शहर में आवश्यक सामान पहुंचाने वाली गाड़ियों को तडके सुबह तीन बजे से आठ बजे तक प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पूजा पंडालों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और निर्धारित मार्गों का पालन करें।
शहर में यातायात नियंत्रित करने के लिए रेडियम चौक, कमिश्नर चौक, पुराना नगर निगम कार्यालय के पास, जयपाल सिंह स्टेडियम के आसपास, सुजाता चौक, शहीद चौक, कोतवाली थाना क्षेत्र, जैन मंदिर, मारवाड़ी महिला कॉलेज, रांची एक्सप्रेस गली, अपर बाजार, रातू रोड, पिस्का मोड़, न्यू मार्केट, किशोरगंज, हरमू और अरगोड़ा सहित कई स्थानों पर ड्रॉप गेट-बैरियर तैयार किया गया है।
इसके अलावा संकरी सड़कों, बाजारों और पूजा पंडालों तक जाने वाले मार्गों पर भी बैरियर लगाए जाएंगे। मोरहाबादी मैदान में रावण दहन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हॉकी स्टेडियम गेट, आर्मी मैदान, राजेंद्र चौक, मंदिर मैदान, रांची कॉलेज मैदान, मान्या पैलेस, राम मंदिर मोरहाबादी और राजकीय अतिथिशाला के आसपास भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों को सड़क पर खड़ा होने से रोकने के लिए अलग-अलग इलाकों में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। डोरंडा और सुजाता चौक की ओर से मेन रोड आने वाले निजी एवं दोपहिया वाहनों के लिए सैनिक मार्केट और जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अल्बर्ट एक्का से बकरी बाजार की ओर जाने वाले श्रद्धालु अपनी गाड़ियां जिला स्कूल और बाल कृष्ण स्कूल परिसर में खड़ी कर सकेंगेे। डोरंडा से सर्जना चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए मिशन चौक के पास संत जॉन्स स्कूल के सामने पार्किंग तय की गई है। स्टेशन रोड से पूजा पंडाल जाने वाले श्रद्धालु रेलवे भर्ती बोर्ड से चुटिया थाना मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का इस्तेमाल कर सकेंगे।
लालपुर से कोकर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए साथू मैदान और बिजली ऑफिस के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि खटालगांव से कोकर की ओर आने वाले लोगों के वाहन राम लखन यादव कॉलेज परिसर में खड़े कराए जाएंगे। कांके रोड से बकरी बाजार की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
हरमू बाइपास से बकरी बाजार की ओर आने वाले वाहनों को बड़ा तालाब के पास नदी ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। पिस्का मोड़ से दुर्गा मंदिर और रातू रोड की ओर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दुर्गा मंदिर से पहले जयसवाल पेट्रोल पंप के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चरियाटांड़ रोड से बकरी बाजार की ओर आने वाले श्रद्धालु नगाबाबा खटाल पार्किंग स्थल और जाकिर हुसैन पार्क के पास निर्धारित जगहों पर वाहन खड़े कर सकेंगे।
हरमू बाइपास से किशोरगंज की ओर आने वाले वाहनों के लिए किशोरगंज के बीच सड़क किनारे निर्धारित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हरमू चौक के पास पूजा पंडाल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरमू मैदान और चरियाटांड़ बाइपास के पास पूजा पंडाल जाने वालों के लिए चरियाटांड़ मैदान में पार्किंग तय की गई है। सीएमपीडीआई के पास पूजा पंडाल जाने वाले श्रद्धालु केंद्रीय विद्यालय के सामने गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे।
पुराने विधानसभा मैदान स्थित पूजा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शहीद मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। रांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित पूजा पंडाल में आने वाले लोगों के लिए संत जॉन स्कूल मैदान और बहुबाजार में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सर्जना और अल्बर्ट एक्का क्षेत्र के पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालु संत जेवियर कॉलेज परिसर की पार्किंग और कामिल बुल्के पथ स्थित निर्धारित स्थल का इस्तेमाल कर सकेंगे।
बरियातू रोड से मेन रोड, जिला स्कूल और बकरी बाजार की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बिरसा मुंडा संग्रहालय की पार्किंग और पुरानी जेल चौकी के पास जगह निर्धारित की गई है। मेन रोड, जिला स्कूल और बकरी बाजार क्षेत्र के पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालु रांची यूनिवर्सिटी के राजकीय पुस्तकालय की ओर स्थित गेट के पास, नगाबाबा खटाल के पास न्यू पार्क स्थल और अटल भंडार मार्केटिंग पार्किंग स्थल का इस्तेमाल कर सकेंगे। जयपाल सिंह स्टेडियम के पास स्थित पूजा पंडाल में आने वाले लोगों के लिए कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क के किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे