बीएयू में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए हुई प्रवेश परीक्षा
रांची, 02 अगस्त (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के विभिन्न संकायों के स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
परीक्षा प्रभारी और बीएयू के स्नातकोत्तर संकाय के डीन डॉ रमेश कुमार ने बताया कि परीक्षा ओएमआर शीट पर हुई जिसका परिणाम 15 दिनों में घोषित कर दिये जाने की संभावना है।
बीएयू में कृषि संकाय, पशुचिकित्सा एवं पशुपालन संकाय तथा वानिकी संकाय के विभिन्न विभागों के मास्टर डिग्री और पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गयी थी।
कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में चलनेवाले एमटेक पाठ्यक्रम और कृषि व्यवसाय प्रबंधन केन्द्र में संचालित होनेवाले एमबीए (एग्री बिजनेस) में एडमिशन के लिए भी उम्मीदवार प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए।
कुलसचिव डॉ शैलेश चट्टोपाध्याय की देखरेख में परीक्षा निर्विघ्न संपन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि झारखंड के विभिन्न जिलों में स्थित बीएयू के 11 कॉलेज में से पांच में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों का संचालन होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak