जनजातीय हितों से जुड़े मामलों में करें समयबद्ध समाधान : आशा लकड़ा
पूर्वी सिहंभूम, 11 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ आशा लकड़ा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर में शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डॉ आशा लकड़ा ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए जनजातीय हितों से जुड़े मामलों के समयबद्ध समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिया।
इसके पूर्व आयोग की सदस्य ने एनआईटी में अध्ययनरत जनजातीय छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, समस्याओं, आवश्यकताओं और भविष्य की आकांक्षाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव उनके समक्ष रखा। डॉ लकड़ा ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल और समाधान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और तकनीकी ज्ञान युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आयोग की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, आरक्षण रोस्टर, कल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आयोग के पदाधिकारियों के साथ एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर डॉ गौतम सूत्रधार और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar