नए आपराधिक कानून का हो अनुपालन: एसपी
रामगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में नए आपराधिक कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने समीक्षा बैठक की। मंगलवार को एसपी ऑफिस में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम को प्रभावित तरीके से क्रियान्वयन करने के लिए एसपी ने थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनसीएलआई पोर्टल पर कांडों के 60/90 दिनों के अंतर्गत निष्पादन करने के लिए कार्य करना है। इस दौरान लंबित मामलों की समीक्षा भी एसपी ने की।
इस दौरान सभी थाना वार 60/90 दिन श्रेणी के लंबित मामलों पर एसपी ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानून के प्रावधानों का शत प्रतिशत अनुपालन होना है। निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुसंधान को पूरा किया जाना है और चार्जशीट समर्पित करना है। उन्होंने एसडीपीओ और इंस्पेक्टर को नियमित रूप से थाना में प्रगति के समीक्षा करने, समय सीमा के निकट पहुंच चुके मामलों की विशेष निगरानी करने का भी निर्देश दिया। एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित अनुसंधान करने तथा निर्धारित अवधि के भीतर आरोप पत्र समर्पित करने को कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश