गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल

 


हजारीबाग, 30 जुलाई (हि.स.)। हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर बुधवार रात गैंगस्टर प्रिंस खान के हथियारबंद गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की फायरिंग में गैंग का एक शूटर घायल हो गया। शूटर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया, जबकि उसके साथी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के अपराधी कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी वसूलने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रणनीतिक तरीके से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही पुलिस टीम चिन्हित जंगल क्षेत्र में पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दीं। पुलिस ने भी बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग में एक शूटर को घायल कर दबोच लिया। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जंगलों में सघन अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे