समीक्षा बैठक में डीडीसी ने दिया बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
देवघर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पीयूष सिन्हा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान प्रखंडवार शैक्षणिक उपलब्धियों और कमियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी शैक्षणिक प्रदर्शन सूचकों में सुधार लाने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कम उपस्थिति वाले विद्यालयों को चिह्नित कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और विद्यालय स्तर पर नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही, शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षकों की उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान परियोजना रेल और अपार पहचान संख्या से संबंधित प्रगति की जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने इनसे जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और सभी पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
विद्यालयों में आधारभूत संरचना, विद्यार्थियों के नामांकन, सूचना और संचार तकनीक आधारित प्रयोगशालाओं एवं स्मार्ट कक्षाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान चिह्नित कमियों को शीघ्र दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिले की समग्र शैक्षणिक रैंकिंग और प्रमुख प्रदर्शन सूचकों की समीक्षा करते हुए जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां प्रखंडवार सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने जिले के शत-प्रतिशत विद्यालयों में शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने और बाउंड्री वॉल निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों और कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न प्रखंडों के संबंधित शिक्षा पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, डीएमएफटी सेल के प्रतिनिधि, जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारी, बीआरपी, सीआरपी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy