हाथियों का झुंड ने स्कूल पर धावा बोलकर तोडी बाउंड्री, खाए चावल
गुमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आए दिन हाथियों का झुंड किसी न किसी ग्रामीणों के घरों को उजाड़ा देता है और फसलों को नुकसान पहुंचाता है। मगर ग्रामीण किसान इन हाथियों के सामने खूद को बेबस महसूस कर रहें हैं। इसी क्रम में बीती रात जंगली हाथी ने राजकीय कृत मध्य विद्यालय अमलिया में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
हाथी ने स्कूल की बाउंड्रीवाल को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया और रसोई के दरवाजे को तोड़ दिया। इसके बाद अंदर रखे करीब एक क्विंटल चावल को खा गया। साथ ही स्कूल परिसर में लगी फुलवारी और किचन गार्डन को रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। मंगलवार को जब स्कूल खुला तो घटना की जानकारी लोगों को मिली। घटना की जानकारी देते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य नकुल सरकार ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में यह आठवीं बार है ,जब जंगली हाथी ने स्कूल पर हमला किया है।
उन्होंने कहा कि हर बार हाथी स्कूल के भवन, खिड़की, दरवाजे, बाउंड्री और फूल फुलवारी को भारी नुकसान पहुंचाता है। कई बार तो उन्होंने निजी खर्च से स्कूल की मरम्मत कराई है। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि इससे पहले भी सात बार हाथियों की ओर से किए गए नुकसान की सूचना वन विभाग को दी गई थी। लेकिन अब तक किसी प्रकार का मुआवजा या सहायता वन विभाग की ओर से नहीं मिला है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि स्कूल में हुए नुकसान का जल्द आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही यह भी आग्रह किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएं, ताकि स्कूल और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे से निजात दिलाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरि ॐ सुधांशु सुधांशु