बीएफसीएल की पहल: अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन करेंगे वृद्धाश्रम के बुजुर्ग
रामगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ के बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए डिवाइन ओंकार ओल्ड एज होम, पालू के बुजुर्गों के लिए अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन की विशेष व्यवस्था की है। बुजुर्ग लंबे समय से श्रीरामलला के दर्शन करने की इच्छा संजोए हुए थे। उनकी आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए कंपनी ने इस यात्रा की पहल की है।
इस पहल के तहत 27 अक्टूबर को 30 से अधिक बुजुर्ग बस से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। यात्रा की शुरुआत पालू स्थित वृद्धाश्रम से होगी। अयोध्या पहुंचने के बाद सभी बुजुर्ग प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करेंगे और इसके बाद वापस वृद्धाश्रम लौटेंगे।
बीएफसीएल की इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों की धार्मिक आस्था का सम्मान करने के साथ उनके जीवन में खुशी, संतोष और सकारात्मकता के पल जोड़ना है। कंपनी का यह प्रयास दर्शाता है कि बुजुर्गों की इच्छाओं को महत्व देना और उन्हें सम्मान एवं स्नेह प्रदान करना सामाजिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश