तालाब में गिरने से बुजुर्ग की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा

 


रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान तालाब में गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद दिवाकर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद धुर्वा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, आनंद दिवाकर सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए स्मार्ट सिटी पहुंचे थे। इसी दौरान वह तालाब के पास गए। आशंका जताई जा रही है कि तालाब के किनारे अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए। इस दौरान उनका चेहरा पानी में डूब गया, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा तालाब के बाहर ही रहा। इसी स्थिति में उनकी मौत हो गई।

आनंद दिवाकर हटिया स्थित सिल्वर कुंज अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर ई-01, रोड नंबर-06 के निवासी थे।

धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आनंद दिवाकर मॉर्निंग वॉक के दौरान किसी काम से तालाब की ओर गए होंगे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह तालाब के किनारे गिर गए और उनका चेहरा पानी में डूब गया। गिरने के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया था या पानी में डूबने से उनकी मौत हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे