एकलव्य विद्यालय चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम,07 जून (हि.स.)। जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित गंडकीदा गांव के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में 06 जून को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए सामान भी बरामद कर लिए हैं।
इस संबंध में रविवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रफायल मुर्मू ने पूरी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि विद्यालय से फर्नीचर और अन्य उपयोगी सामग्री की चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने गंडकीदा गांव के जंजरासाई टोला निवासी राम हेंब्रम (38) और रासिका हेंब्रम (31) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की, जहां से चोरी गया सामान बरामद किया गया। बरामद सामग्री में नौ लोहे के बेड (प्लाई सहित),चार गद्दे और बजाज कंपनी के आठ पंखे शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है और उसे विद्यालय प्रबंधन को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि घटना के शीघ्र उद्भेदन में पुलिस टीम की सक्रियता और तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में झीकपानी के इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा,कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी,पुलिस अवर निरीक्षक मिलन कर्माली,सहायक अवर निरीक्षक सोमाय टुडू,सुनील कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक