एचईसी को आर्थिक संकट से उबारने के लिए आठ श्रमिक यूनियनों ने रक्षा राज्यमंत्री से की मुलाकात

 


- एनसीएलटी के माध्यम से प्रशासक नियुक्त करने की प्रक्रिया रोकने की मांग- एचईसी के पुनरुद्धार के लिए तीन हजार करोड़ रुपये की सहायता और पर्याप्त कार्यादेश देने का आग्रह

रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची स्थित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) को बंद होने से बचाने और आर्थिक संकट से उबारने की मांग को लेकर आठ श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने एचईसी में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के माध्यम से प्रशासक नियुक्त किए जाने की प्रक्रिया पर चिंता जताई। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रक्रिया को रोकने और कंपनी के पुनरुद्धार के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।

एचईसी लिमिटेड श्रमिक कर्मचारी यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो एचईसी बंद होने की कगार पर पहुंच सकती है। इससे धुर्वा सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी। उन्होंने रक्षा राज्यमंत्री से इस मामले में भारी उद्योग मंत्री से वार्ता कर समाधान निकालने का आग्रह किया।

इस पर संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि आठों श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधियों की जल्द ही भारी उद्योग मंत्री से मुलाकात कराई जाएगी, जिससे कि एचईसी की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान का रास्ता निकाला जा सके।

वहीं, एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने भारी उद्योग मंत्रालय को उपलब्ध कराई गई 11 हजार करोड़ रुपये की राशि में से एचईसी को कम से कम तीन हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि चीन से आयात होने वाले कई औद्योगिक उपकरणों का निर्माण एचईसी में किया जा सकता है। इसके लिए कंपनी को संबंधित उपकरणों के निर्माण का कार्यादेश दिया जाना चाहिए। इससे न केवल एचईसी की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि देश को औद्योगिक क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने एक स्वर में कहा कि एचईसी देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक धरोहर है। इसके संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए केंद्र सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, पर्याप्त कार्यादेश और जरूरी सहयोग दिया जाना आवश्यक है।

रक्षा राज्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संजय सिन्हा, हरेन्द्र यादव, रविन्द्र कुमार, बिमल महली, अर्जुन रविदास और उमाशंकर सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar