बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की दस बाइक के साथ आठ आरोपित गिरफ्तार

 




रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची के धुर्वा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक बरामद की है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह रांची और सीमावर्ती जिलों में सक्रिय था और साप्ताहिक बाजारों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके नंबर प्लेट बदलकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेचता था।

एसपी ने बताया कि धुर्वा थाना पुलिस सिठियो-धुर्वा मार्ग स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के पास करीब 2:30 बजे वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर सिठियो की ओर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में बाइक चोरी की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस कड़ाई से पूछताछ शुरू की और उसके निशानदेही पर छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी टीम ने चोरी के 10 बाइक बरामद किए और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में भरत बैठा (26), सुनील करमाली (25), रोहित उरांव (22), रोहित कुमार मुंडा (28), प्रदीप उरांव, संजय गंझू (22), सरजू मुंडा और सुमित उरांव (29) शामिल हैं। इनमें कई आरोपितों के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी टीम में डीएसपी नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे