एसटीपीआई के विद्यार्थियों में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन

 


देवघर, 19 जून (हि.स.)। जसीडीह स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ़ इंडिया (एसटीपीआई) में ट्रेवल एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट एवं लैंग्वेज एंड कम्युनिकेशन कोर्स के 7वें और 8 वें बैच के समापन अवसर पर शुक्रवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी डॉ सुनील खवाड़े थे। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ खवाड़े ने संस्थान से पास आउट विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।

उन्होंने कहा कि गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के प्रयासों से देवघर में इस महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना हुई है, जहां युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर भविष्य के लिए तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि एसटीपीआई शहर से दूर स्थित होने के कारण विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है।

इस समस्या को देखते हुए उनका प्रयास रहेगा कि सांसद से मिलकर विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क बस सेवा शुरू कराई जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर के टावर चौक से संस्थान तक बस सेवा संचालित होने से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। डॉ. खवाड़े ने यह भी कहा कि वे एसटीपीआई से प्रशिक्षित विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए भी प्रयास करेंगे। देवघर में आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित होटल हैं, जहां ट्रेवल एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए रोजगार की अच्छी संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने इन संस्थानों में प्रशिक्षित युवाओं को अवसर दिलाने का भरोसा जताया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy