शिक्षा नीति छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रयोगधर्मिता को देती है बढ़ावा : प्रधानाचार्य
रामगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित सप्ताहव्यापी विज्ञान सप्ताह का सोमवार को समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की जिज्ञासा, नवाचार और रचनात्मकता का जीवंत केंद्र बन गया। समापन समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से संबंधित अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक वैज्ञानिक प्रयोगों का सफल प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विद्युत परिपथ, जल शोधन, अम्ल-क्षार अभिक्रिया, मानव शरीर की संरचना, सौर ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक मॉडल एवं कार्यशील परियोजनियां प्रस्तुत कीं।
प्रदर्शनी में लगाए गए मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनका अवलोकन कर बच्चों के वैज्ञानिक कौशल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रत्येक मॉडल और प्रयोग के वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण ने कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन को समझने और समाज की समस्याओं का समाधान खोजने का माध्यम है। नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और प्रयोगधर्मिता को बढ़ावा देती है। हमें बच्चों को प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और नए विचार विकसित करने के लिए सदैव प्रेरित करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश