ईडी ने पेयजल घोटाले में क्लर्क संतोष और उनकी पत्नी सहित तीन के खिलाफ आरोप पत्र किया दायर

 


रांची, 30 मार्च (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पेयजल घोटाले में क्लर्क संतोष कुमार सहित तीन के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। जिन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है, उसमें संतोष की पत्नी ललिता सिन्हा और मेसर्स रॉक ड्रिल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी शामिल है।

ईडी की ओर से जांच के दौरान अब तक 2.18 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। ईडी ने न्यायालय से इस मामले में 6.26 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने का अनुरोध किया है। ईडी ने पेयजल घोटाले में दायर आरोप पत्र में आरोपितों पर ट्रेजरी से 22.86 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी का आरोप लगाया है। इसमें कहा गया कि संतोष ने कैशियर सह अपर डिवीजन क्लर्क के रूप में काम करते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया और ट्रेजरी से 22.86 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी की। इसके लिए संतोष ने मेसर्स रॉक ड्रिल नामक कंपनी बनायी। इसके बाद दस्तावेज में हेराफेरी कर ट्रेजरी से इस कंपनी के खाते में निकासी की। फर्जी निकासी को अंजाम देने के लिए उसने पे आईडी और डीडीओ कोड में छेड़छाड़ की। ट्रेजरी से पैसों की निकासी के बाद लांड्रिंग के सहारे इस पैसे को अर्थ व्यवस्था में डाला और संपत्ति खरीदी। जांच के दौरान पाया गया कि संतोष ने पत्नी के नाम पर टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार खरीदने के लिए एजेंसी में पैसा जमा किया था। जांच के दौरान एजेंसी ने इसे ईडी के हवाले कर दिया। संतोष ने ज्वेलरी, म्युचूअल फंड और एफडी में 1.78 करोड़ रुपये का निवेश किया था। ईडी ने इसे भी जब्त कर लिया है। संतोष ने ट्रेजरी से निकाले गये पैसों से रातू में अपनी बहन ममता सिन्हा के नाम पर 6.81 डिसमिल जमीन खरीदी। इस मामले की जांच के दौरान पाया गया कि संतोष ने अपनी बहन को पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं लेने की शर्त पर बहन को यह जमीन खरीद कर दी थी। लेकिन रजिस्ट्री का खर्च बहन से ही वसूला था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे