राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम ने मारी बाजी

 


रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुनानक स्कूल, पीपी कंपाउंड में आयोजित दो दिवसीय 18 वीं राज्यस्तरीय जूनियर और यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। आयोजन में राज्यभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में यूथ पुरुष वर्ग में आदित्य सिंह (पूर्वी सिंहभूम) और यूथ महिला वर्ग में जेसिका खेस (रांची) चैंपियन बने। जूनियर बालक वर्ग में आर्यन मुखी (रांची) और जूनियर बालिका वर्ग में रचना कुमारी (पूर्वी सिंहभूम) ने खिताब जीता। यह जानकारी

रांची जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी गुलाम जावेद ने प्रेेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्हाेंने बताया कि टीम चैंपियनशिप में जूनियर बालक, बालिका और यूथ पुरुष वर्ग में पूर्वी सिंहभूम का दबदबा रहा, जबकि यूथ महिला वर्ग में रांची टीम विजेता बनी। आयोजकों ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन में 47 रेफरी और जजों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष बलजीत सिंह बेदी, विशिष्ट अतिथि विनय सिन्हा (अध्यक्ष, रांची जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन) और कार्यकारी अध्यक्ष परमजीत सिंह मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar