ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं पर बैठक 29 को
रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन ने शहर में परिचालन करने वाले ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं पर चर्चा के लिए 29 अक्टूबर 2026 को बैठक बुलायी है।
बैठक दोपहर एक बजे से लाइन टैंक रोड स्थित ड्यूक मेंशन में यूनियन कार्यालय में होगी। यह जानकारी यूनियन के अध्यक्ष दिनेश सोनी, उपाध्यक्ष शकील रेन और महासचिव एमडी अब्बास ने बुधवार को संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी।
यूनियन के महासचिव एमडी अब्बास ने कहा कि रांची शहर में ई-रिक्शा चालकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। चालकों ने मनमाने जुर्माने और जिला प्रशासन की ओर से ई-रिक्शा परिचालन को लेकर नए नियम बनाया जाना चिंता का विषय है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि चालकों की समस्याओं और शहर में उनके परिचालन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। इसमें आगे की रणनीति और संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
यूनियन ने सभी पदाधिकारियों और ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित समय से पहले कार्यालय पहुंचकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar