रांची में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई दुर्गा पूजा, पंडालों में गूंजा नशामुक्त समाज का संदेश
रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची सहित पूरे जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्यता और आपसी सौहार्द के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिला प्रशासन के अनुसार, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल और बिजली जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। इस बार पूजा पंडालों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में प्रशासन ने पूजा की तैयारियों को लेकर कई दौर की बैठकें की थीं। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने पूजा पंडालों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की।
इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से नशामुक्ति जागरूकता अभियान को विशेष रूप से बढ़ावा दिया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रेरणा से चलाए गए इस अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों में नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त जीवन के फायदों से संबंधित फ्लैक्स लगाए गए। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों और सादे लिबास में जवानों की तैनाती की गई थी। विभिन्न क्षेत्रों में दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया था। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई, ताकि किसी भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, नियमित सफाई और पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भी इंतजाम किए गए। प्रतिमा विसर्जन के दौरान विभिन्न घाटों और तालाबों पर स्थानीय गोताखोरों तथा एनडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया था। पुलिस बल ने विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली।
पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और जुलूस मार्गों पर यातायात सुचारु रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और यातायात पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर पंडालों और जुलूस मार्गों का जायजा लिया। रांची नगर निगम ने पंडालों के आसपास सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था संभाली। बिजली विभाग ने निर्बाध आपूर्ति के लिए तकनीकी टीमों को तैनात रखा। वहीं, पथ निर्माण विभाग ने पूजा स्थलों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।
दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में शांति समितियों, दुर्गा पूजा समितियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही। शांति सेवा समिति हिंदपीढ़ी, युवा दस्ता, झारखंड तंजीम, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी और सर्वधर्म सद्भावना समिति समेत कई संगठनों ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सहयोग किया। आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षदों ने भी स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में भूमिका निभाई।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, शांति समितियों, पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों, नगर निगम, बिजली एवं पथ निर्माण विभाग के कर्मचारियों और आम नागरिकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से रांची जिले में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और भव्यता के साथ संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे