होली के रंग में सराबोर दिखा दुमका, सभी वर्गों पर छायी रही खुमारी
दुमका, 05 मार्च (हि.स.)। उपराजधानी दुमका में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से सौहार्दपूर्ण महौल में मनाई गई। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में लोग एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की मस्ती में डूबे दिखे। होली के त्योहार पर सभी वर्ग के लोगों ने शामिल होकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
पांरपरिक होली के गीतों पर झूमते-नाचते लोगों का उत्साह इस दौरान देखते ही बन रहा था। शहरी जीवन में रहने के बावजूद बेहद ही ग्रामीण परिवेश में युवा कपड़ाफार होली खेली। हर तरफ होली की मस्ती छाई रही। मौके पर यहां के गली, मुहल्लों और चौक-चौराहों पर बच्चे, बूढ़े और जवानों को होली खेलते देखा गया। दुमका शहर में सुबह से ही होली शुरू हो गई। बच्चों की टोली को भी हाथों में पिचकारी लिए सड़कों पर लोगों को रंग लगाते देखा गया। होली खेलने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। महिलाओं ने आपस में एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली का त्योहार मनाया। दुमका वासियों ने पहले पहर में रंग खेलकर और दूसरे पहर में अबीर-गुलाल लगाकर होली का लुफ्त उठाया। बुजुर्गो को अभिवादन कर उनकी आर्शीवाद लिया।
वहीं हम उम्र के लोगों ने एक दूसरे को जमकर अबीर-गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की बधाई दी। इस दौरान रंग-गुलाल लगाने के साथ ही पुआ-पकवान खाने और खिलाने का दौर जारी रहा। इधर, होली के रंग में कोई खलल नहीं पहुंचे इसके लिए पुलिस गस्ती होती रही। संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग की गाड़ी खड़ी दिखी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार