दुमका कोर्ट पर हमले की धमकी, जांच में जुटी डॉग स्क्वॉयड की टीम

 


दुमका , 02 जुलाई (हि.स.)। दुमका और गोड्डा कोर्ट पर हमले की धमकी मिलने से न्यायिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दुमका के नाम स्पीड पोस्ट के माध्यम से एक धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई, जिसमें दुमका कोर्ट पर हमला किए जाने की बात लिखी गई है। चिट्ठी बंगला भाषा में लिखी गई है और उसके साथ दो लोगों के नाम एवं एक आधार कार्ड की कॉपी भी संलग्न है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने पूरे परिसर की गहन तलाशी लेकर निरीक्षण किया। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवाड़ ने बताया कि चिट्ठी के साथ भेजे गए आधार कार्ड और संबंधित व्यक्ति का सत्यापन किया गया।

जांच में पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल किया गया, उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके आधार कार्ड का किसी ने दुरुपयोग कर यह चिट्ठी भेजी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्पीड पोस्ट पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र से भेजी गई थी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चिट्ठी भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार