छात्रों के न्याय की लड़ाई में हर कदम पर साथ खड़े रहेंगे : दुलाल
पूर्वी सिंहभूम, 06 अगस्त (हि.स.)। भाजपा कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन किया है। गुरुवार को उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि झारखंड का युवा न्याय चाहता है,भ्रष्टाचार नहीं और छात्रों की आवाज ही उनकी आवाज है।
दुलाल भुईयां ने कहा कि राज्य के युवाओं का आंदोलन केवल नौकरी पाने का संघर्ष नहीं है, बल्कि यह उनके भविष्य, सम्मान और न्याय की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और छात्रों की न्यायसंगत मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेता जिस मजबूती से छात्रों के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग के समर्थन में खड़े हैं, वह युवाओं के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वे भी उनके इस संकल्प के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक