ट्रेड फेयर में रविवार की छुट्टी के कारण लोगों ने की जमकर खरीदारी
रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17 वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में रविवार को छुट्टी होने के चलते लोगों ने जमकर खरीदारी की।
ट्रेड फेयर का समापन सोमवार को होगा। फेयर के अंतिम दिन स्टॉलधारकों की ओर से आकर्षक ऑफरों की बरसात होगी। कई उत्पादों पर भारी छूट मिलेगी। रांचीवासी इन आकर्षक ऑफर्स का लाभ उठा सकते हैं। झारखंड चेंबर और जीएस मार्केटिंग एसोसियेट्स का संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेयर में रविवार को समापन की पूर्व संध्या पर मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि ट्रेड फेयर के आयोजन से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि रांची में ट्रेड फेयर को हमेशा बेहतर रिस्पॉन्स मिलता है। पीएम मोदी ने मन की बात में झारखंड, बंगाल और ओड़िशा में आयोजित मेले का जिक्र कर चुके है।
सेठ ने कहा कि रांची में जल्द ही स्वदेशी मेला लगेगा। गांव में बने उत्पादों को एक बाजार और मंच देने का प्रयास है। इससे गांव का कलाकार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड चेंबर को क्लीन रांची, ग्रीन रांची अभियान में सहयोग करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि रांची को 2026 में क्लीन रांची, ग्रीन रांची बनाने में सभी का सहयोग लेंगे। इसे लेकर कोर कमेटी का गठन करेंगे। इस कोर कमेटी में व्यापारी संगठन, धार्मिक और सामाजिक संगठन को शामिल करेंगे। सेठ ने कहा कि देश प्रगति कर रहा है। इस बार रिकॉर्ड दो लाख करोड़ जीएसटी का कलेक्शन हुआ है। हमने 38 हजार करोड़ से अधिक का डिफेंस एक्सपोर्ट किया है। युद्ध की स्थिति नहीं होती तो यह आंकड़ा 60 हजार करोड़ तक पहुंच जाता।
रांची को एक अलग पहचान दे कर जा रहा ट्रेड फेयर : आदित्य
मौके पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि ट्रेड फेयर रांची को एक अलग पहचान दे कर जा रहा है। रांची वासियों को एक मौका मिला कि वे 12 देशों और 15 राज्यों के उत्पादों को खरीदारी करने एक अनुभव प्राप्त कर सकें। स्टॉलधारकों को भी ग्राहक की जरूरत को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, मनोज नरेडी, पवन शर्मा, किशोर मंत्री, रंजीत गाड़ोदिया, कार्यकारणी सदस्य डॉ अभिषेक रामाधीन, मुकेश अग्रवाल, मनीष सराफ, पूजा ढाढा, आस्था किरण, विनीता सिंघानिया, सदस्य विनोद जैन, पूनम आनंद, अरुण जोशी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak