यातायात नियम तोड़ने वालों को फूल देकर डीटीओ ने किया जागरूक

 




रामगढ़, 21 मई (हि.स.)।

रामगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को रामगढ़ जिले में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने किया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, विशेषकर सुभाष चौक एवं पटेल चौक मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान की खास बात यह रही कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को दंडात्मक कार्रवाई के बजाय फूल देकर जागरूक किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया एवं बड़े वाहनों के चालकों से सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। साथ ही कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग एवं डेंजर्स एडवेंचर्स अंतर्वेद स्पोर्ट्स 'लॉन्गेस्ट वर्ल्ड टूर बाई ऑन फुट जर्नी' टीम के सदस्यों ने राहगीरों और वाहन चालकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए। लोगों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित यात्रा का संदेश देते हुए यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मौके पर संस्था के प्रतिनिधि जितेंद्र प्रताप ने बताया कि उनकी 20 सदस्यीय टीम देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर रही है। यह टीम यात्रा के दौरान विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पौराणिक स्थलों का दौरा करने के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संगोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है और हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का पालन करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश