डीटीओ ने की स्कूली बस सहित 93 वाहनों की जांच, दो लाख का वसूला जुर्माना
रांची, 05 मई (हि.स.)। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ )अखिलेश कुमार और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) प्रमोद कुमार केशरी के नेतृत्व में संयुक्त रूप वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान डोरंडा, श्यामली तथा जगन्नाथपुर क्षेत्र में चलाया गया।
इस दौरान विशेष रूप से स्कूल वैन एवं बसों की सघन जांच की गई।
अभियान के तहत कुल 93 स्कूल वैन और बसों की जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज जैसे रोड टैक्स, फिटनेस, इंश्योरेंस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र की गहन जांच की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि वाहनों में निर्धारित बैठने की क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जा रहा हो।
जांच में कई वाहनों की ओर से निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। दस्तावेजों के अद्यतन नहीं रहने तथा ओवरलोडिंग के मामलों में 32 वाहनों पर कुल 2,04,550 रूपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त 78 वाहनों को विभिन्न मानकों का पालन नहीं करने के कारण नोटिस जारी किया जा रहा है।
डीटीओ ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संदर्भ में स्कूल वैन से आने-जाने वाले बच्चों के अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित एवं नियमों का पालन करने वाले वाहनों से ही विद्यालय भेजें। इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे