श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर डीटीओ की बस ऑनर्स एसोसिएशन के साथ बैठक
देवघर, 07 जून (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के सफल संचालन और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार की अध्यक्षता में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें और व्यावहारिक सुझाव रखे।
बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बासुकिनाथ मार्ग पर बिना नियमित परमिट के दौड़ रहे टेम्पू और मैजिक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि इन अवैध वाहनों के कारण दुर्घटनाओं और जाम का खतरा बना रहता है। इन पर रोक लगने से बसों का परिचालन सुव्यवस्थित होगा।
इसके अलावा, एसोसिएशन ने श्रावणी मेले के दौरान क्लब ग्राउंड में अस्थाई बस पड़ाव बनाने का सुझाव दिया। साथ ही वहां श्रद्धालुओं और वाहन कर्मियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था करने। रात के समय सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त प्रकाश का प्रबंध करने। अवैध वाहन पड़ाव पर अंकुश लगाने के लिए ग्राउंड में स्थायी पुलिस बल की तैनाती करने की मांग की गई। मेले के दौरान देवघर-बासुकिनाथ मार्ग पर लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए एसोसिएशन ने एक बड़ा प्रस्ताव रखा।
प्रतिनिधियों के अनुसार बासुकिनाथ जाने का रास्ता देवघर से बासुकिनाथ जाने के लिए बसों को सारठ-पालोजोरी मार्ग से भेजा जाए और बासुकिनाथ से देवघर वापसी के लिए मुख्य मार्ग को निर्धारित किया जाए। एसोसिएशन का दावा है कि इस वन-वे व्यवस्था को लागू करने से मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और कांवरियों सहित अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
बस ऑनर्स एसोसिएशन की ओर से दिए गए सभी सुझाव और मांगें बेहद व्यावहारिक हैं। मेला क्षेत्र में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए इन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द ही आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिए जाएंगे। इस उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में जिला परिवहन विभाग के अधिकारियों के अलावा, ट्रैफिक पुलिस के पदाधिकारी और बस ऑनर्स एसोसिएशन के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy