डीटीओ ने चितरपुर-रजरप्पा मार्ग पर दर्जनों वाहनों से वसूला जुर्माना
रामगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले में ट्रैफिक नियमों को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का काफी सख्त नजर आ रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करने के लिए डीटीओ ने शनिवार को विशेष सड़क सुरक्षा सह हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया। चितरपुर-रजरप्पा मुख्य मार्ग के पास डीटीओ राजेश एक्का खुद सड़क पर उतरे और लापरवाह वाहन चालकों पर नकेल कसी। उन्होंने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को ना सिर्फ हिदायत दी बल्कि चालान भी काटे। चितरपुर-रजरप्पा मार्ग से गुजरने वाले दुपहिया वाहनों की सघन जांच की।
इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले, ट्रिपल राइडिंग करने वाले और नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को रोककर कड़ी फटकार लगाई गई। परिवहन विभाग की टीम ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दर्जनों नियम तोड़ने वाले वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा और मौके पर जुर्माने की राशि वसूली गई। साथ ही कई चालकों को कडी चेतावनी देकर छोड़ा गया।
चेकिंग अभियान के दौरान डीटीओ ने वाहन चालकों से बात की और उन्हें सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया। उन्होंने चालकों से अपील करते हुए कहा कि घर पर आपका परिवार आपका इंतजार कर रहा है। हेलमेट पुलिस की कार्रवाई या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की रक्षा के लिए पहनें। दुर्घटनाएं बताकर नहीं आतीं, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। डीटीओ ने स्पष्ट किया कि डीसी ऋतुराज के आदेश पर जिले को दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रामगढ़ शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) पर आने वाले दिनों में और भी कड़ा चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों और विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट का प्रयोग करें और गाड़ी के सभी जरूरी दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश