डीटीओ ने चलाया वाहन जांच अभियान, वसूला 41 हजार जुर्माना
रामगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। डीसी के आदेश के आलोक में मंगलवार को डीटीओ और मोटरयान निरीक्षक की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन करना और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाना था।
जांच अभियान के दौरान लगभग 15 वाहनों की गहन जांच की गई। इस क्रम में वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, फिटनेस, परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए जागरूक भी किया गया।
जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन माध्यम से कुल 41,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
मौके पर डीटीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन का संचालन करें और स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश