डीएसपीएमयू में 19 सितंबर को करम पूर्व संध्या, तैैैैैयारी पर चर्चा

 


रांची, 21 अगस्त (हि.स.)।

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के अखड़ा में आगामी करम पूर्व संध्या समारोह के आयोजन को लेकर शुक्रवार को पहली तैयारी बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने की। बैठक में सर्वसम्मति से करम पूर्व संध्या समारोह का आयोजन 19 सितंबर 2026 को करने का निर्णय लिया गया। एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि करम केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

उन्होंने सभी सदस्यों से समर्पण और उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की। बैठक में समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। समारोह में पारंपरिक खोरहा गीत एवं नृत्य, विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रकृति पूजन को प्रमुखता देने पर सहमति बनी।

वहीं आयोजन स्थल की सजावट और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा हुई।

समारोह के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा गणमान्य अतिथियों की सूची तैयार कर उन्हें आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी।

बैठक में आदिवासी छात्र संघ, डीएसपीएमयू के कोषाध्यक्ष नितेश टोप्पो, उपकोषाध्यक्ष पायल बाण्डो, मीडिया प्रभारी आलोक तिर्की, मनीष उरांव सहित सीमा मुर्मू, स्वाति लोहरा, प्रीति उरांव, खुशी उरांव सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar