नीदरलैंड से मंगाये गये आठ लाख के नशे की खेप के साथ दो गिरफ्तार

 




रांची, 26 फरवरी (हि.स.)। रांची पुलिस ने नशे के सामान की खरीदी बिक्री के मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के नाम कुमार अभिषेक और अविनाश कुमार मिश्रा है। ये लोग सुखदेव नगर इलाके का रहने वाले हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने गुरुवार को बताया कि रांची के युवाओं में इन दिनों विदेशी नशा करने का प्रचलन बढ़ गया है। रांची पुलिस को जानकारी मिली थी कि डार्क वेब के माध्यम से मादक पदार्थ पार्सल के माध्यम से मंगाया गया है और ये मादक पदार्थ ओझा मार्केट के पास डिलीवर होना है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम गठन किया गया।

छापेमारी टीम जब ओझा मार्केट के पास पहुंची तो लाल कपड़ा पहना हुआ एक स्कूटी सवार युवक आया। उसने मादक पदार्थ को रिसिव किया और कुछ दूर आगे बढ़ा ही था कि पुलिस टीम ने उसे रोका गया और नाम-पता पूछा।

इस पर उसने अपना नाम कुमार अभिषेक बताया। इसके बाद उसकी विधिवत तलाशी ली गयी तो उसके पास से एक सफेद रंग का लिफाफा बरामद हुआ, जिस पर एक टिकट सटा, टिकट पर नीदरलैंड इंटरनेशनल लिखा हुआ था। पुलिस ने लिफाफा खोला तो बेल्जियन ग्रीटिंग्स कार्ड पाया गया। कार्ड खोलने पर 100 पैच का एक रंग-बिरंगा कागज पाया गया।

पुलिस ने इसके बाद अभिषेक से पूछताछ की तो बताया कि लिफाफे के अंदर लाइसर्जिक एसिड डाइथाइलमाइड (एलएसडी) नामक मादक पदार्थ है। इसे मैं अविनाश के साथ मिलकर डार्क वेब से क्रिप्टोकरंसी की ओर से पेमेंट कर नीदरलैंड से डाक के माध्यम से एलएसडी (मादक पदार्थ) मंगाया है,

जिसका वजन 12.80 ग्राम, सिल्वर पेपर सहित वजन 02.23 ग्राम और एलएसडी का कुल वजन 01.74 ग्राम पाया गया इसका अनुमानित मूल्य आठ लाख रुपये है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि वहीं एक अन्य मामले में पुदांग ओपी पुलिस ने कृष्ण कुमार महतो को ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करते पकड़ा। इस मामले में पुलिस ने 253 पुड़िया ब्राउन शुगर और 4600 रुपये नकद बरामद किया। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे