नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला : कुलपति

 


दुमका,02 अगस्त (हि.स.)। 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान-2026' के अंतर्गत शनिवार को सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में व्यापक जनसहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के 125 चयनित शिक्षण संस्थानों के साथ वर्चुअल संवाद के माध्यम से किया। इन चयनित संस्थानों में सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय का चयन विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय रहा।

विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एडमिन ब्लॉक-2 के सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो कुनुल कंदीर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को क्षति पहुंचाता है तथा युवाओं की ऊर्जा और सृजनात्मक क्षमता को नष्ट कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संयमित जीवनशैली अपनाते हुए समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करें। कार्यक्रम का आरंभ पीएम के उद्बोधन और वर्चुअल संवाद के सामूहिक अवलोकन से हुआ।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विवि के कुलानुशासक डॉ राजीव कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों को 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत' की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कुलसचिव डॉ अब्दुस सत्तार ने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। इसे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

वित्त पदाधिकारी डॉ संजय कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों से अनुशासन, आत्मसंयम और स्वस्थ जीवन-मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ भी किया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के समर्थन में हस्ताक्षर कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन एनएसएस समन्वयक डॉ धनंजय कुमार मिश्र ने किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्य, राष्ट्रीय सेवा योजना की सामाजिक भूमिका एवं युवाओं की उत्तरदायित्वपूर्ण सहभागिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशामुक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं,बल्कि सामाजिक चेतना का व्यापक आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार