सरिया लदे दो ट्रक की टक्कर में चालक की मौत,तीन घायल
लातेहार, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र की लुकुइया घाटी में गुरुवार को ब्रेक फेल होने से सरिया लदे दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पीछे वाले ट्रक में लदा सरिया आगे वाले ट्रक के केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गया।
केबिन में फंसने से चालक राजेश यादव (40)की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में उमेश यादव दीपक तिवारी और रिंकु यादव घायल हो गए। सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक राउरकेला से उत्तर प्रदेश की ओर सरिया लेकर जा रहे थे। आगे चल रहे 14 चक्का ट्रक के पीछे आ रहे 16 चक्का ट्रक का लुकुइया घाटी में अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें चालक की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को हटाकर काफी मशक्कत के बाद चालक का शव बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार