आईएमए के रामगढ़ शाखा अध्यक्ष डॉ सुधीर और सचिव बने डॉ दिनेश
रामगढ 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रांची रोड स्थित सिध्दी विनायक के सभागार में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के तत्वावधान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्टेट कोऑर्डिनेटर आईएमए झारखंड डॉ अजय कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि सचिव आईएमए और एचबीआई झारखंड शंभू सिंह, अध्यक्ष झालसा स्टेट कन्वेनर डॉ बिमलेश सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके पूर्व अतिथियों के आगमन पर आईएमए रामगढ़ के पदाधिकारी ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए आईएमए के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ सुधीर आर्या ने कहा कि जिम्मेवारी के साथ डॉक्टर अपना स्वास्थ्य भूल जाते हैं। इसे भी ध्यान में रखते हुए हम सभी को आगे बढ़ाना है, जब कठिन समय आए तो सभी एकजुट होकर काम करें। उन्होंने कहा कि आईएमए को रामगढ़ जिला में पहचान दिलाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने वरीय चिकित्सकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी समय समय पर उन्हें गाइड करते रहते हैं। जब मेडिकल से संबंधित समस्याएं आती हैं तो एसोसिएशन हमेशा खड़ा रहता है।
वहीं समारोह काे संबोधित करते हुए आईएमए के सचिव डॉ दिनेश कुमार ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ एसोसिएशन हित में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों को होने वाली समस्या पर ध्यान देना होगा। काम के दौरान अक्सर चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगता रहता है। ऐसी परिस्थितियों में संगठन को एकजुट होकर सही तथ्यों को समाज के बीच रखना हमारी जिम्मेदारी है।
इस दौरान चुनाव आयोग के सम्मानित सदस्य डॉक्टर केएन प्रसाद, डॉक्टर केके सिंह, निवर्तमान सचिव डॉ ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, निवर्तमान कोषाध्यक्ष डॉ राहुल बरेलिया, डॉ अनुपम सिंह, डॉ विशाल गुप्ता, डॉक्टर मधुरिमा प्रसाद, डॉ गौतम कुमार, डॉक्टर ऋचा रश्मि सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश