दूरदर्शन रांची में कृषि प्रसार कार्यक्रमों की गुणवत्ता सुधारने पर मंथन

 




रांची, 02 नवंबर (हि.स.)।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की मास मीडिया सपोर्ट टू एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन योजना के तहत दूरदर्शन केंद्र, रांची में सोमवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कृषि प्रसार कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी, किसान हित में बेहतर गुणवत्तापूर्ण बनाने की बात पर आयोजित इस कार्यशाला में कृषि कार्यक्रमों के निर्माण, प्रसारण और डिजिटल माध्यमों पर उनके प्रचार-प्रसार को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीडीजी सेल्स संजय प्रसाद ने कहा कि दूरदर्शन के माध्यम से किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।

इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख सुधीर कुमार ने कार्यशाला की जानकारी देते हुए कहा कि कृषि प्रसार कार्यक्रमों की गुणवत्ता सुधारने और विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह पहल की गई है। कार्यशाला में सोशल मीडिया संचालन, वित्तीय प्रबंधन, कार्यक्रम निर्माण, रॉ फुटेज एवं सामग्री के आदान-प्रदान, संगीत संग्रहण और अभिलेखीकरण जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।

इसके साथ ही उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और कार्यक्रम सामग्री के साझा इस्तेमाल पर जोर दिया गया। कार्यशाला में डीडी किसान के सलाहकार अनूप खजूरिया, रांची केंद्र के कार्यालय प्रमुख केके साहू सहित विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के अधिकारी और कार्यक्रम निर्माण से जुड़े कर्मी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar