रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में 01 सितंबर से पुनः शुरू होगा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण
रामगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 01 सितंबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पुनः शुरू किया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर छावनी परिषद के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद, नगर परिषद रामगढ़ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के संस्था तथा पीएमसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ करने, कचरे के उचित संग्रहण और निष्पादन एवं समग्र स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि 01 सितंबर से नगर परिषद क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुरू किया जाएगा।
बैठक में मुर्रामकला स्थित प्लांट में पड़े पुराना कचरा के उठाव और सफाई को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत डोर-टू-डोर संस्था, नगर परिषद रामगढ़ और रामगढ़ कैंट के आपसी समन्वय से मुर्रामकला प्लांट में पड़े पुराना कचरा का उठाव एवं सफाई कार्य 15 दिनों के अंदर पूरा किया जाएगा।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कचरे के उचित संग्रहण, परिवहन एवं निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
नगर परिषद रामगढ़ ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घरों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाली या खुले स्थान पर न फेंकें। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन के पहुंचने पर कचरा उसी वाहन को दें।
नागरिकों से गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग करके देने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में नगर परिषद एवं जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ के निर्माण में आम नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश