डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे पर चिकित्सक और सीए दंपत्ति सम्मानित
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)।
श्री राम भरत मिलाप समिति की ओर से बुधवार को डोरंडा बाजार स्थित समिति कार्यालय में डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस दौरान चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट दंपत्ति को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मासिक नि:शुल्क एक्यूप्रेशर और नेचुरल थेरेपी शिविर का विधिवत शुभारंभ भी किया गया, जो प्रत्येक माह की एक से 15 तारीख तक संचालित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष रोहित शारदा ने कहा कि स्वास्थ्य और आर्थिक व्यवस्था, दोनों ही समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट अपने-अपने क्षेत्र में समर्पण के साथ समाज की सेवा कर रहे हैं, इसलिए दोनों का योगदान सम्माननीय है।
कार्यक्रम में नेचुरल थेरेपी विशेषज्ञ अभय बरनवाल, डॉ आनंद बर्मन और चार्टर्ड अकाउंटेंट दंपति मयूर शारदा और खुशबू शारदा को सम्मानित किया गया। अभय बरनवाल ने बताया कि शिविर में मेथी दाना, कलर थेरेपी और मैग्नेट थेरेपी के माध्यम से उपचार किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नम्रता सोनी ने किया। इस अवसर पर बीके विजय, सरदार अशोक सिंह, हरिप्रसाद विजयवर्गीय, महेश विजय सहित समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कई पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar