शिक्षा मंत्री का निधन संयोग या दोष, दिव्यानंद महाराज ने जताई आशंका

 


रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में साढ़े तीन वर्ष के अंतराल में एक ही विभाग से जुड़े तीन मंत्रियों के असामयिक निधन को लेकर प्रख्यात ज्योतिषी स्वामी दिव्यानंद महाराज ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोमवार को कहा कि लगातार हुई इन दुखद घटनाओं ने लोगों के मन में कई तरह के सवाल और आशंकाएं पैदा कर दी हैं। हालांकि, ज्योतिषीय दृष्टिकोण से विचार करने के बाद भी इन घटनाओं के पीछे किसी स्पष्ट कारण का पता नहीं चलता। स्वामी दिव्यानंद महाराज ने कहा कि एक ही राज्य, एक ही मंत्रिमंडल और एक ही विभाग से जुड़े मंत्रियों की इस तरह असामयिक मृत्यु निश्चित रूप से बेहद दुखद और दुर्लभ संयोग है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री शब्द सुनते ही अब लोगों के मन में बेचैनी पैदा होना स्वाभाविक है। ऐसे में विभिन्न ज्योतिषीय पहलुओं पर विचार करने के बावजूद किसी निश्चित ज्योतिषीय कारण की पुष्टि नहीं होती है। उन्होंने कहा कि एकमात्र आशंका विभागीय स्तर पर वास्तु दोष की हो सकती है। संभव है कि वास्तु संबंधी कुछ सुधार किए जाने से किसी संभावित दोष का निवारण हो और भविष्य में इस तरह की आशंकाएं समाप्त हों।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे सब कुछ मंगलमय होगा और झारखंड राज्य कल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ेगा। स्वामी दिव्यानंद महाराज ने दिवंगत शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar