महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन
रामगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र रामगढ़ के तत्वावधान में शुक्रवार को होटल मिलन के सभागार में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर की गई। यह कार्यशाला उद्योग विभाग और झारखंड औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में विश्व बैंक समर्थित रैंप (आरएएमपी)के कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन ईओडीबी मैनेजर अंशुमन सिंह ने किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं को अत्यंत उपयोगी बताया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की जरूरत और अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यमों को औपचारिक स्वरूप प्रदान करना, उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाना और विशेष रूप से महिला उद्यमिता को सशक्त करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण, विपणन रणनीतियों और उद्यम स्थापना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित उद्यमियों में अमरजीत कौर (पापड़-अचार), किरण कुमारी (सिलाई कार्य), सुनीता कुमारी वर्मन (अचार-पापड़) एवं दीपमाला (ब्यूटिशियन) शामिल रहीं।
इस अवसर पर जिला उप परियोजना निदेशक संजय कुमार मंडल, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक आकाश शाह, झारक्राफ्ट के वरीय क्लस्टर प्रबंधक राजीव साहु, प्रखंड उद्यमी समन्वयक अभिषेक कुमार सहित जिला उद्योग केंद्र के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश